शिवपुरी जनसुनवाई: कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मौके पर किया शिकायतों का निपटारा, जरूरतमंदों को दी तत्काल आर्थिक सहायता


  • होनहार छात्र को ₹20,000 की मदद: माता-पिता की बीमारी के बावजूद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र को मिली राहत।
  • ​मूक-बधिर छात्रा व कैंसर पीड़ित परिवार को संबल: रेडक्रॉस मद से तुरंत जारी किए गए सहायता चेक, पेंशन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश।
शिवपुरी| कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और स्वास्थ्य, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आवेदकों को रेडक्रॉस कोष से तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।


प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई के लिए ₹20 हजार स्वीकृत

बैराड़ तहसील के ग्राम ऐंचवाडा निवासी वीरेंद्र कुशवाहा ने जनसुनवाई में बताया कि माता-पिता के पिछले 10 वर्षों से अस्वस्थ होने के बावजूद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। छात्र के समर्पण और हौसले को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत ₹20,000 की सहायता राशि का चेक सौंपा।

मूक-बधिर छात्रा को ₹5 हजार और पेंशन का आश्वासन

ग्राम इन्दरगढ़ (सुभाषपुरा) निवासी नरेश जाटव ने कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली अपनी मूक-बधिर पुत्री की पेंशन व पढ़ाई के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने मौके पर ₹5,000 की तात्कालिक मदद मंजूर करते हुए सामाजिक न्याय विभाग को छात्रा की पेंशन प्रक्रिया बिना विलंब पूरी करने के निर्देश दिए।

कैंसर पीड़ित परिवार को ₹10 हजार की सहायता

ठकुरपुरा निवासी रानी यादव ने अपने पति के मुंह के कैंसर के इलाज और उससे उपजे आर्थिक संकट को लेकर गुहार लगाई। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कलेक्टर ने उपचार व राहत के लिए तुरंत ₹10,000 की आर्थिक मदद स्वीकृत की।

​जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post