शिवपुरी में मिलावटखोरों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: त्योहारों से पहले 14 दुकानों से घी, मावा और मसालों के सैंपल जब्त, 10 पर केस दर्ज

  • जिलेभर में सघन जांच: कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर शिवपुरी, पिछोर, कोलारस और करैरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी।
  • ​अदालत में पहुंचे 10 मामले: पिछले एक माह में मिलावट के संदेह में 10 कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में दायर हुए प्रकरण।
शिवपुरी|आगामी त्योहारों को देखते हुए शिवपुरी जिला प्रशासन ने मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विशेष अभियान छेड़ा है। जिले के शिवपुरी शहर, कोलारस, पिछोर और करैरा क्षेत्रों में 14 प्रमुख प्रतिष्ठानों से मावा, देसी घी, पनीर, तेल, मसाले, काजू और मिठाइयों के नमूने संकलित किए गए हैं।

​इन प्रमुख दुकानों और प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

​जांच टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर निम्नलिखित सैंपल एकत्र किए:
  • शिवपुरी शहर: महावीर ट्रेडिंग कंपनी (गोवर्धन घी), भोला किराना (पतंजलि व अमूल घी), ब्लींक कॉमर्स प्रा. लि. (पारस व बैद्यनाथ घी), जैन मिल्क डेयरी (खुला मावा व घी), महाकालेश्वर डेयरी (खुला पनीर), अरिहंत फूड (कुकिंग ऑइल), राज एग्रो (लूज काजू), गोपालदास मोहनदास (नोवा घी व मिल्क मिक्स), लक्ष्मी मिष्ठान भंडार (मावा लड्डू) और राठौर मावा ब्रोकर्स (खुला मावा)।
  • ​कोलारस: जैन श्री स्वीट्स एवं नमकीन से मावा बर्फी व मिल्क केक।
  • ​पिछोर व सतनवाड़ा: श्री जी इंटरप्राइजेज पिछोर से धनिया पाउडर व सोया तेल, कृष्णा दूध डेयरी सतनवाड़ा से खुला दूध।
  • ​करैरा: पूजा स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू और मावा बर्फी।
10 मिलावटखोरों के खिलाफ अदालत में परिवाद दायर
विभाग ने बीते एक माह की जांच रिपोर्टों के आधार पर 10 विक्रेताओं के विरुद्ध न्यायालय में औपचारिक प्रकरण दायर किए हैं। इनमें शामिल हैं:

  1. आजाद गुप्ता (मांतिहाल मिष्ठान, कोलारस)
  2. ​सुलभ भट्ट (साई सुमित रेस्टोरेंट, पिछोर)
  3. ​दिनेश कुमार लोधी (राधा कृष्ण डेयरी, भोंती)
  4. ​संतोष विश्वकर्मा (राधिका डेयरी, करैरा)
  5. ​राजकुमार शिवहरे (राज किराना, शिवपुरी)
  6. ​रवि नामदेव (रवि किराना, टोंगरा रोड)
  7. ​ऋतिक गुप्ता (श्री श्याम किराना, कोलारस)
  8. ​मयंक सेन उर्फ मोंटी (मान्या एण्ड बबले हलवाई, माधव चौक)
  9. ​राजेश पराशर (मावा भण्डार, गांधी चौक)
  10. ​बनवारी लाल यादव (यादव दूध डेयरी, कमलागंज)
उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, जांच का दायरा केवल मिठाई और किराना दुकानों तक सीमित नहीं है; ढाबों, होटलों और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की भी निरंतर जांच की जा रही है। संकलित सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है, जहाँ से रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post