शिवपुरी में जैविक हाट बाजार की शानदार शुरुआत: ताजे फल-सब्जियों की भारी मांग, किसानों को मिला सीधा बाजार



शिवपुरी|शहर की पुरानी अनाज मंडी में रविवार को आयोजित साप्ताहिक जैविक व प्राकृतिक हाट बाजार में भारी उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल पर शुरू हुए इस बाजार में शहरवासियों ने प्राकृतिक तरीके से उगाए गए फल और सब्जियों की जमकर खरीदारी की।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार, जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना और आम नागरिकों को कीटनाशक-मुक्त शुद्ध उत्पाद मुहैया कराना है।

जिलेभर के किसानों की सीधी भागीदारी

हाट बाजार में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से आए जैविक उत्पादक किसानों ने अपने स्टॉल लगाए। स्थानीय नागरिकों ने न केवल ताजी सब्जियों और फलों की खरीदारी की, बल्कि जैविक खेती करने वाले किसानों के इस प्रयास की सराहना भी की।

बिचौलियों के बिना बढ़ेगी किसानों की आय

उप संचालक कृषि सह परियोजना संचालक (आत्मा) मुनेश कुमार शाक्य, प्राकृतिक खेती नोडल अधिकारी रघुवीर सिंह यादव और एटीएम सालिकराम धाकड़ ने किसानों को प्राकृतिक कृषि तकनीकों और इसके लाभों के प्रति जागरूक किया।
​सहायक तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) राहुल मौर्य ने बताया कि यह हाट बाजार किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करता है। बिचौलियों की गैर-मौजूदगी से किसानों को बेहतर मुनाफा मिलेगा, जिससे उनकी आमदनी में सीधे तौर पर इजाफा होगा।

​मृदा प्रयोगशाला प्रभारी योगेंद्र शर्मा सहित कृषि व 'आत्मा' परियोजना की टीम के सहयोग से यह आयोजन सफल रहा। कृषि विभाग ने नागरिकों से हर रविवार लगने वाले इस जैविक बाजार का लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post