रात के अंधेरे में सक्रिय होने का आरोप, चोरी और लूट की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक से शीघ्र कारवाही की मांग
शिवपुरी। शहर से लगे बड़ौदी आदिवासी मोहल्ले में अवैध गतिविधियों के संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची शराब की बिक्री तथा अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुछ संदिग्ध तत्व रात के अंधेरे में अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। लोगों का आरोप है कि पूर्व में पुलिस द्वारा कार्रवाई कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में होने वाली चोरी, बोरिंग केबल चोरी, बाइक चोरी तथा लूटपाट जैसी घटनाओं में अवैध हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब और हथियारों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। लोगों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग भी की है।
