![]() |
| सुरक्षित इंटरनेट दिवस 2026 |
शिवपुरी|सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 शिवपुरी में विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
डीआईओ एनआईसी पूनम माडरे ने कहा कि एआई तकनीक के इस दौर में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सावधानीपूर्वक साझा करने तथा उसके दुरुपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही भविष्य में वॉइस एवं वीडियो क्लोनिंग जैसी तकनीकों के संभावित दुरुपयोग से सतर्क रहने और फेक अथवा भ्रामक सामग्री से प्रभावित न होने का आग्रह किया।
![]() |
| सुरक्षित इंटरनेट दिवस 2026 |
कार्यक्रम में जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र के एडीआईओ निखिल राय ने बताया कि डीपफेक वीडियो और क्लोन की गई आवाजें वास्तविक प्रतीत हो सकती हैं, इसलिए किसी भी जानकारी पर प्रतिक्रिया देने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से सत्यापन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एआई आधारित ठगी प्रायः भय या तात्कालिकता उत्पन्न करती है, अतः कोई भी कदम उठाने से पहले रुकें, सोचें और सत्यापित करें। चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय सलाह के लिए केवल एआई पर निर्भर न रहकर विशेषज्ञों से परामर्श लेने की भी सलाह दी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की शपथ दिलाई गई तथा पीपीटी के माध्यम से इंटरनेट सुरक्षा एवं साइबर ठगी से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं एनआईसी की टीम उपस्थित रही।

