शिवपुरी|महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में 15 फरवरी 2026 को “महादेव” शीर्षक से विशेष पर्व आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन के लिए दो प्रमुख स्थलों—श्री हरिहर सिद्धेश्वर प्रेम मंदिर, शिवपुरी एवं श्री चौदह महादेव मंदिर, नरवर (रेस्ट हाउस के पीछे)—का चयन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं के साथ-साथ क्षेत्र में प्रचलित लोक आख्यानों और जनश्रुतियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र हैं। संस्कृति संचालनालय द्वारा महाशिवरात्रि की गरिमा के अनुरूप धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयामों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा देने का उद्देश्य है।
जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कार्यक्रमों के सफल संचालन की तैयारी की गई है। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार आयोजन के सुचारू क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
शिवपुरी स्थित श्री हरिहर सिद्धेश्वर प्रेम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के लिए अपर कलेक्टर शिवपुरी को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शिवपुरी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नरवर स्थित श्री चौदह महादेव मंदिर के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करैरा को नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नरवर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
