शिवपुरी। जिले के इंदार गांव में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने दो घरों में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने गांव के शिक्षक रामवीर सिंह रघुवंशी और किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 1 किलो 450 ग्राम सोना, लगभग 2 किलो चांदी और करीब 20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सबसे अधिक नुकसान किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर में हुआ है। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
रात में छत के रास्ते भागा बदमाश, परिवार की नींद खुली
किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के बेटे आशीष रघुवंशी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात लगभग 12 बजे तक जाग रहे थे, उसके बाद सभी सो गए। करीब 2:15 बजे उनके पिता टॉयलेट जाने के लिए उठे तो एक कमरे का दरवाजा खुला नजर आया।
शक होने पर उन्होंने बाहर लगे स्विच से लाइट जलाई, तभी कमरे के अंदर मौजूद चोर तेजी से बाहर निकला और सीढ़ियों के जरिए छत की ओर भाग गया। पिता ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मकानों की छतों पर कूदते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।