शिवपुरी। शिक्षा जैसे पवित्र पेशे को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र से सामने आई है। पटेल पार्क के पास स्थित विजडम पब्लिक स्कूल के संचालक अनिल उपाध्याय के खिलाफ एक महिला शिक्षिका ने बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि स्कूल संचालक ने पहले उसे नशीला पदार्थ देकर स्कूल में ही दुष्कर्म किया और फिर अश्लील वीडियो के जरिए लगातार ब्लैकमेल कर कई बार शारीरिक शोषण किया।
फिजिकल थाना सीमा में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह विजडम पब्लिक स्कूल में प्राइवेट टीचर के रूप में कार्यरत थी। 24 जुलाई 2024 को स्कूल में ‘ब्लू डे’ का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सभी स्टाफ और छात्र चले गए, तो संचालक अनिल उपाध्याय ने उसे यह कहकर रोक लिया कि "आपसे ज़रूरी बात करनी है।"
पीड़िता के अनुसार, संचालक ने उसे पानी पीने को दिया, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने खुद को असहाय स्थिति में पाया। उसी दौरान संचालक ने बताया कि उसने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली है और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा।
बदनामी के डर से पीड़िता ने इस घटना को चुपचाप सह लिया, लेकिन संचालक ने वीडियो दिखाकर 4 से 5 बार और उसके साथ गलत कार्य किया। दिसंबर 2024 में जब फिर ऐसा हुआ, तो वह मानसिक रूप से टूट गई और जनवरी 2025 में स्कूल छोड़ दिया।
स्कूल छोड़ने के बाद भी वह लगातार सदमे में रही। परिवारजन उसकी गुमसुम हालत से परेशान थे, लेकिन उसने किसी से कुछ नहीं कहा। अंततः 30 अप्रैल की रात उसने पूरी आपबीती अपने पति को बताई। इसके बाद पीड़िता के पति ने उसे समझाया और न्याय के लिए आवाज़ उठाने का संबल दिया।
5 मई की शाम को पीड़िता और उसके पति फिजिकल थाना पहुंचे और पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल उपाध्याय के खिलाफ बलात्कार सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिजिकल थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया, “कल शाम एक महिला शिक्षिका थाने पर आई थी। उसकी शिकायत पर विजडम पब्लिक स्कूल के संचालक के खिलाफ बलात्कार की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।