तालाब पर स्वच्छता अभियान, छात्राओं को पुस्तक वितरण और युवा संवाद के बाद लाभार्थियों व व्यापारियों से किया संपर्क
करैरा/दिनारा। ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ 25 सितंबर को झांसी से होते हुए शिवपुरी जिले के दिनारा पहुंची। दिनारा के रक्षा बैरियर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत, करैरा विधायक रमेश खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नवनीत सेन सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा की अगवानी की।
यात्रा के रूट प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा राहुल धामोले, रूट सहप्रभारी राजकुमार यादव, करैरा जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र जाटव, युवा मोर्चा जिला मंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य अंशुमान रावत, दिनारा मंडल अध्यक्ष रिंकू यादव और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिनारा में चला स्वच्छता अभियान, छात्राओं को बांटीं पुस्तकें
दिनारा पहुंचने के बाद यात्रा के तहत दिनारा तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद कन्या छात्रावास में छात्राओं को पुस्तकों का वितरण किया गया। पीके यूनिवर्सिटी में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं के साथ संवाद किया गया।
करैरा में लाभार्थियों और व्यापारियों से किया संवाद
इसके बाद यात्रा करैरा क्षेत्र के चिन्नौद पंचायत पहुंची, जहां लाभार्थियों से संपर्क कर संवाद किया गया। करैरा में व्यापारियों से भी संपर्क कर संवाद किया गया। पंचायत स्तर पर लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद करैरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं और लोगों की सहभागिता रही।
कोलारस में हुआ यात्रा का स्वागत, राजस्थान के लिए रवाना
करैरा के कार्यक्रमों के बाद ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ कोलारस की ओर रवाना हुई। कोलारस के पड़ोरा पहुंचने पर कोलारस विधायक महेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
स्वागत के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव राजस्थान के लिए रवाना हो गई। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, पुस्तक वितरण, युवा संवाद, लाभार्थी संपर्क और व्यापारियों से संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।




