शिवपुरी: मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाए जाने के तहत, शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आगामी 22 अगस्त को भव्य 'बलराम कृषि महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से नवीन कृषि उपज मंडी, पिपरसमा में शुरू होगा।
इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वर्चुअल संबोधन रहेगा, जिसमें वे जिले के किसानों से सीधे तौर पर रूबरू होंगे और उनसे संवाद करेंगे।
कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों से रू-ब-रू होंगे किसान
बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से जिले के किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम नवाचारों, उन्नत तकनीकों और नवीन आयामों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम स्थल पर कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों (उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन आदि) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
विशेषज्ञ देंगे परामर्श और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
महोत्सव के दौरान वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी किसानों को आधुनिक खेती, उद्यानिकी विकास, उन्नत पशुपालन और मछली पालन की नवीनतम तकनीकों और पद्धतियों की विस्तृत जानकारी देंगे। इसके साथ ही, उपस्थित जनसमूह के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने शिवपुरी जिले के सभी किसान भाइयों और बहनों से अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। किसान भाई इस अवसर का लाभ उठाकर कृषि क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों, वैज्ञानिक पद्धतियों और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी खेती को और अधिक उन्नत बनाएं।