शिवपुरी|मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में जनजातीय समुदाय के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर पोहरी एसडीएम (SDM) श्री जेपी गुप्ता ने ग्राम अनभौरा में आदिवासियों की 150 बीघा जमीन पर फिर से अवैध कब्जा करने वाले तीन दबंगों के खिलाफ जेल वारंट जारी कर दिए हैं।
3 करोड़ की जमीन कराई थी मुक्त, तोड़ा बाउंड ओवर
हाल ही में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अनभौरा में दबंगों के चंगुल से करीब 150 बीघा जमीन (अनुमानित कीमत ₹3 करोड़) को मुक्त कराकर 64 पट्टाधारियों को उनका मालिकाना हक सौंपा था। कार्यवाही के दौरान दबंगों से भविष्य में दोबारा कब्जा न करने का लिखित बाउंड ओवर (Bound Over) भी भरवाया गया था। लेकिन प्रशासन का कब्जा हटाते ही दबंगों ने नियम तोड़कर फिर से उस जमीन पर कब्जा कर लिया।
इन 3 आरोपियों के खिलाफ जारी हुआ जेल वारंट
पट्टाधारियों द्वारा शिकायत दर्ज कराते ही एसडीएम पोहरी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए निम्नलिखित तीन लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाते हुए जेल वारंट जारी किए:
- अशोक कुमार (पुत्र इंदर सिंह जाट, निवासी अनभौरा)
- विनीत कुमार (पुत्र जय सिंह जाट, निवासी अनभौरा)
- जुगवीर (पुत्र गजे सिंह जाट, निवासी अनभौरा)
प्रशासन की चेतावनी:
पोहरी एसडीएम श्री जेपी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि कलेक्टर के सख्त निर्देश हैं कि जनजातीय (आदिवासी) समुदाय की जमीन पर किसी भी दबंग का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्यवाही जारी रहेगी।
