2 महीने से भटक रहे दिव्यांग बच्ची के पिता को मिला डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट; 4 युवाओं को सौंपी अनुकंपा नियुक्ति
शिवपुरी|शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आज आमजन के लिए त्वरित न्याय और राहत की बड़ी मिसाल बनी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में सैकड़ों आवेदक अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर ने बेहद संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ मौके पर ही कई बड़े फैसले लिए, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी भी दी।
हाईटेक अंदाज में ऑन-द-स्पॉट एक्शन
राजस्व संबंधी मामलों में ग्रामीणों को भटकना न पड़े, इसके लिए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने बेहद अनूठा और त्वरित तरीका अपनाया। ग्रामीण क्षेत्रों से आई शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने तुरंत संबंधित तहसीलदारों को फोन लगाया। यही नहीं, उन्होंने अपने स्वयं के मोबाइल से आवेदनों के फोटो खींचे और सीधे तहसीलदारों को वॉट्सऐप कर दिए। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि समय-सीमा के भीतर इन सभी मामलों का निराकरण किया जाए। प्रशासन की इस तत्परता को देखकर दूर-दराज से आए ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
2 महीने की परेशानी का चंद मिनटों में समाधान
पुरानी शिवपुरी के मटियारा मोहल्ला निवासी सफीक खान अपनी दिव्यांग बेटी एरिश खान के जन्म प्रमाण पत्र में सुधार के लिए पिछले दो महीनों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। जब यह मामला कलेक्टर के सामने आया, तो उन्होंने तुरंत सीएमएचओ (CMHO) को तलब कर त्रुटि सुधारने के कड़े निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ही आनन-फानन में नया डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया गया, जिसे कलेक्टर ने स्वयं अपने हाथों से नन्हीं एरिश को सौंपा।
चार घरों में लौटा अंधेरा, मिली अनुकंपा नियुक्ति की सौगात
लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामलों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने आज चार परिवारों को बड़ी राहत दी। उन्होंने जनसुनवाई में ही युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे:
- पटवारी पद पर: श्री नमन खरे, श्री प्रियांशु शर्मा और श्री संदीप चौहान को पटवारी के रिक्त पदों पर नियुक्ति दी गई।
- चौकीदार पद पर: श्री मनोज आदिवासी को चौकीदार के पद का नियुक्ति आदेश सौंपा गया। नौकरी का आदेश मिलते ही इन युवाओं और उनके आश्रितों ने प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: कलेक्टर
जनसुनवाई के अंत में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को कड़े लहजे में हिदायत देते हुए कहा— "जनता की जायज और वास्तविक समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशील होकर जनसमस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें।"
Tags:
शिवपुरी


