शिवपुरी|जिले में बच्चों को मौसमी एवं जलजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से दस्तक अभियान की शुरुआत 14 जुलाई से की गई है। यह अभियान 31 अगस्त 2026 तक जिले के सभी विकासखंडों में संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में विकासखंड पोहरी के ग्राम चकराना स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर बीएमओ डॉ. द्वारिका वर्मा ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का अमला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
घर-घर पहुंचकर बच्चों की होगी स्वास्थ्य जांच
बीएमओ डॉ. द्वारिका वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगी। साथ ही बच्चों को ओआरएस के पैकेट, जिंक की गोलियां तथा 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर दवा मिल सके। अभियान का उद्देश्य बच्चों को डायरिया, कुपोषण एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाना तथा समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
