सहारा समूह मामले में आरोपी सीमांतो राय,जे.बी. राय के खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी करने की मांग





शिवपुरी। सहारा समूह से जुड़े मामले में आरोपी सुब्रत रॉय के पुत्र सीमांतो राय, उसके भाई जयब्रत राय(जे.बी. राय )के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से लुकआउट/नोटिस जारी करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में अधिवक्ता रमेश मिश्रा ने मध्यप्रदेश शासन के गृह मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।


पत्र में बताया गया है कि सहारा समूह द्वारा प्रदेश के कई जिलों में निवेशकों से बड़ी राशि जमा कराई गई थी। बाद में जमीनों की खरीद-फरोख्त और कम कीमत पर विक्रय के मामलों में आर्थिक अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भोपाल द्वारा की जा रही है।


अधिवक्ता ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ईओडब्ल्यू भोपाल में अपराध क्रमांक 0116/25, दिनांक 25 जुलाई 2025 के तहत प्रकरण दर्ज है। इसमें जे.बी. राय सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच चल रही है। आरोप है कि सीमांतो राय,जे.बी. राय देश छोड़कर विदेश चले गए हैं और अब तक जांच में उपस्थित नहीं हुए हैं।


पत्र में यह भी कहा गया है कि आरोपी की अनुपस्थिति के कारण जांच प्रभावित हो रही है। ऐसे में उनके खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय नोटिस जारी किया जाना आवश्यक है, ताकि उन्हें भारत लाकर विधिक कार्रवाई पूरी की जा सके।


अधिवक्ता ने शासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे निवेशकों को न्याय मिल सके और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post