मदुरै / तूतीकोरिन (तमिलनाडु)
कोरोना काल के दौरान हुए बहुचर्चित सातानुकुलम कस्टोडियल डेथ केस में मदुरै की अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए 9 पुलिसकर्मियों को फांसी की सज़ा सुनाई है। सभी दोषियों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है।
यह मामला जून 2020 का है, जब तूतीकोरिन जिले के व्यापारी जयराज और उनके बेटे बेनिक्स को लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि दोनों को थाने में बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद 22 जून को बेनिक्स और 23 जून को जयराज की मौत हो गई।
इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच ने स्वतः संज्ञान लिया और बाद में जांच CBI को सौंप दी गई।
मुख्य आरोपी उस समय के इंस्पेक्टर श्रीधर समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर निलंबित किया गया था, जिनमें से एक आरोपी की पहले ही कोविड से मौत हो चुकी है।
अदालत का यह फैसला कस्टोडियल हिंसा के खिलाफ एक कड़ा संदेश माना जा रहा है, जो कानून के रक्षक बनने वालों की जवाबदेही तय करता है।