कोतवाली पुलिस का बड़ा खुलासा: नकबजनी के दो मामलों का पर्दाफाश, 5 लाख का चोरी का माल बरामद





शिवपुरी, कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये का चोरी का सामान और एक लोडिंग वाहन जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को चतुर्भुज हॉस्पिटल के पास स्थित गोदाम और ध्यान केंद्र से अज्ञात चोरों द्वारा फ्रिज, एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए सुराग जुटाए और 4 अप्रैल को ग्वालियर बायपास रोड पर दो आरोपियों को चोरी का सामान बेचने की फिराक में पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुशवाह (कोलारस) और देवेंद्र कुशवाह (ऐंचवाड़ा) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने गोदाम और ध्यान केंद्र से फ्रिज, एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम सहित पीतल और तांबे की धार्मिक वस्तुएं चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने उनके कब्जे से पूरा चोरी का माल और वाहन बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजू कुशवाह पर पहले से ही करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post