पटेल पार्क कर्मचारियों की ईमानदारी बनी मिसाल, पर्यटक की खोई सोने की चेन लौटाई



शिवपुरी। शहर के वार्ड 31 स्थित पटेल पार्क में कर्मचारियों ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जो हर किसी के लिए प्रेरणादायक बन गई। गुड़गांव से घूमने आई महिला पर्यटक मंजरी भटनागर की एक तोला वजनी सोने की चेन शाम के समय पार्क में कहीं खो गई थी।

महिला ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन चेन नहीं मिल सकी। जैसे ही पार्क कर्मचारियों को इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पार्क खाली करवाकर सघन तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार चेन मिल गई।

इसके बाद कर्मचारियों ने मंजरी भटनागर को सूचना दी। जब उन्हें अपनी खोई हुई चेन मिलने की खबर मिली, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे तुरंत पार्क पहुंचीं, जहां कर्मचारियों ने ईमानदारी के साथ उनकी चेन उन्हें सौंप दी।

मंजरी भटनागर ने भावुक होकर पार्क कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी वास्तव में एक अनूठी मिसाल है।

पटेल पार्क के कर्मचारियों की यह पहल समाज में विश्वास और ईमानदारी की मजबूत मिसाल बनकर सामने आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post