भारत पशुधन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने हेतु OTP अनिवार्य

भारत पशुधन पोर्टल

शिवपुरी|उप संचालक पशुपालन डॉ. एल.आर.शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के पालन में भारत पशुधन पोर्टल पर पशुपालकों एवं उनके पशुधन की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत पशुपालकों से OTP (वन टाइम पासवर्ड) लेना अनिवार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है कि ऑनलाइन जानकारी दर्ज करते समय उनके मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP विभागीय अधिकारी अथवा कर्मचारी को प्रदान करें, जिससे पशुधन से संबंधित सेवाओं का सही रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।

पशुपालक किसान भाई-बहनों के लिए आवश्यक जानकारी

टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए सरकार द्वारा नई डिजिटल व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत पशुपालन विभाग के फील्ड कर्मचारी आवश्यकता पड़ने पर पशुपालकों से आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर की जानकारी मांग सकते हैं, ताकि पशुओं का रिकॉर्ड अद्यतन एवं सही बना रहे तथा समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि कई पुराने पशु रिकॉर्ड में पशुपालक की जानकारी अधूरी है, इसलिए जिन रिकॉर्ड में विवरण उपलब्ध नहीं है, उनमें आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है। एक आधार नंबर केवल एक ही पशुपालक से जोड़ा जाएगा, जिससे रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। पशुपालकों से अपील की गई है कि जब विभागीय फील्ड कर्मचारी जानकारी मांगें तो सही विवरण उपलब्ध कराएं। यदि किसी पशुपालक का मोबाइल नंबर बदल गया है अथवा डिजिटल रिकॉर्ड में गलत दर्ज है, तो OTP प्राप्त नहीं होगा। ऐसी स्थिति में पशुपालन विभाग के फील्ड कर्मचारी के माध्यम से अपना सही मोबाइल नंबर अवश्य अपडेट कराएं

Post a Comment

Previous Post Next Post