शिवपुरी|सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के अंतर्गत एमएसएमई-डीएफओ, ग्वालियर द्वारा कोलारस स्थित जनपद पंचायत परिसर में पीएम विश्वकर्मा के लाभार्थियों हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (डीटीआईसी) शिवपुरी एवं ज़िला अग्रणी बैंक के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई के उप निदेशक राजीव कुमार के समग्र मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र शिवपुरी के सहायक प्रबंधक भावेश जी, लीड बैंक काउन्सेलर अविनाश जैन, मार्केटिंग फैकल्टी निरेस सेन का विशेष सहयोग रहा। साथ ही सौरभ एवं निकुंज शर्मा का भी कार्यक्रम के समन्वय एवं संचालन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के प्रावधानों, पात्रता मानदंडों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, टूलकिट प्रोत्साहन, रियायती ब्याज दर पर बिना गारंटी ऋण सुविधा, डिजिटल लेनदेन प्रोत्साहन तथा विपणन सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर योजना के अंतर्गत पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की भूमिका के साथ ओन लाइन विपणन, मीशो पंजीकरण संबंधी विस्तृत प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में जिले के 150 से अधिक कारीगरों एवं संभावित लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित कारीगरों ने योजना के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की तथा इसे अपने व्यवसाय के सुदृढ़ीकरण हेतु उपयोगी बताया। अंत में सभी विभागों एवं संबंधित अधिकारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

