नोवेल कोरोना वायरस -ग्वालियर के चारों पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर घर के लिए हुए डिस्चार्ज


ग्वालियर में अब कोई पॉजिटिव मरीज नहीं 

ग्वालियर के लिये एक सुखद अनुभव नोवेल कोरोना वायरस के चारों पॉजिटिव मरीजों की तीसरी बार निगेटिव रिपोर्ट प्राप्त होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेजा गया। ग्वालियर में पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर श्री अजय कुमार, सुश्री लता प्रभारी, जौहर खान एवं बबीता को उपचार हेतु सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के पश्चात उनकी तीसरी बार भी निगेटिव रिपोर्ट आने एवं पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज कर घर के लिये रवाना कर दिया है। 

कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि ग्वालियर जिले में अब पॉजिटिव रिपोर्ट का कोई भी मरीज नहीं है। चार पॉजिटिव मरीजों को उपचार के पश्चात तीसरी बार निगेटिव जांच रिपोर्ट आने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। चिकित्सकों को अस्पताल से डिस्चार्ज करते समय चारों मरीजों को घर पर ही क्वारंटाइन रहने की हिदायत भी दी है। 

ग्वालियर में शनिवार को 81 जांच नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है। इसके साथ ही 82 नए नमूने जांच के लिये भेजे गए हैं। ग्वालियर में अब तक एक हजार 92 सेम्पलों को जांच हेतु भेजा गया है।  849 जांच नमूने प्राप्त हुए हैं। सभी नमूने निगेटिव पाए गए हैं।  92 नमूनों में जांच की आवश्यकता नहीं पाई गई है। कुल 6 हजार 326 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। जिनमें से 2018 व्यक्तियों का क्वारंटाइन समय भी पूर्ण हो गया है। 

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिले में 2 लाख 71 हजार 425 व्यक्तियों की मेडीकल स्क्रीनिंग भी की गई है। केंटोनमेंट जोन में कराए जा रहे सर्वेक्षण में अब तक एक लाख 26 हजार 837 परिवारों का सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post