*कोलारस में दौरा और प्रचार करने जरूर आएंगी खेल मंत्री यशोधरा राजे, पत्रकारों से चर्चा में प्रभात झा ने कहा*

*कोलारस में दौरा और प्रचार करने जरूर आएंगी खेल मंत्री यशोधरा राजे, पत्रकारों से चर्चा में प्रभात झा ने कहा*

- *कोलारस में पत्रकारों से चर्चा में बोले झा- कोलारस और मुंगावली में जीत हमारा टारगेट*


शिवपुरी।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य सभा सांसद प्रभात झा ने कहा है कि कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव जीतना भाजपा का टारगेट है और हमारे प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने इसे प्रमुख एजेंडे में रखा है। कोलारस में रविवार को पत्रकारों से चर्चा में प्रभात झा ने यह बात कही। मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रभात झा ने कहा कि कोलारस में होने वाले उपचुनाव में खेल मंत्री और इस इलाके की प्रभावशाली नेता यशोधरा राजे सिंधिया प्रचार में जरूर आएंगी। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा को यशोधरा राजे सिंधिया का पूरा समर्थन है और आने वाले समय में वह कोलारस में चुनाव प्रचार करने जरूर आएंगी। श्री झा ने कहा कि यशोधरा राजे हमारी पार्टी की नेता हैं और प्रदेश सरकार में केबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि जब यहां पर सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार और काम कर रहा है तो वह भी जरूर आएंगी। श्री झा ने कहा कि कोलारस से पार्टी किसे टिकट देगी यह चुनाव प्रबंधन समिति और हाईकमान तय करेगा। पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, देवेंद्र जैन, विधायक प्रहलाद भारती, नरेंद्र बिरथरे, जितेंद्र जैन गोटू, अजय खेमरिया, राकेश राठौर सहित भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।

*खेल मंत्री की अनुपस्थिति पर बचाव करते दिखे प्रभात झा*

कोलारस में सीएम शिवराज सिंह चौहान के दो कार्यक्रम हो चुके हैं लेकिन इन दोनों कार्यक्रमों में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया अनुपस्थित रहीं। जब पत्रकारों ने झा से पूछा तो वह बचाव करते नजर आए। श्री झा ने कहा कि खेल मंत्री के समधाने कर्नाटक में इन दोनों दिन कुछ पारिवारिक कार्यक्रम थे इसलिए वह सीएम के कार्यक्रम में नहीं आ पाईं लेकिन आने वाले समय में खेल मंत्री की उपस्थिति दिखेगी।

*कोलारस में 12 से विकास यात्रा का होगा आयोजन*

भाजपा कोलारस विधानसभा में 12 दिसंबर से 18 दिसंबर के बीच विकास यात्रा निकलेगी। राज्य सभा सांसद प्रभात झा ने बताया कि इस विकास यात्रा में केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की शिवराज सरकार की विकास योजनाओं को जनता को बताया जाएगा। श्री झा ने कहा कि आने वाले समय में गुना संसदीय क्षेत्र में कोलारस और मुंगावली में जो उपचुनाव होना है यहां पर भाजपा अपनी सरकारों द्वारा किए जाने विकास कार्यों को फोकस रख चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों विधानसभा में पहले कांग्रेस विधायक रहे हैं इसलिए हम लोगों से कहेंगे कि वह केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारों को देखते हुए भाजपा को जिताएं जिससे इस इलाके में विकास की रफ्तार तेज हो सके। 

Post a Comment

Previous Post Next Post