माधव चौक पर नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग
शिवपुरी। शहर के माधव चौक चौराहे पर गत दिवस नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मीडियाकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने से जिले के पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। घटना में महिला पत्रकारों के साथ भी अशोभनीय टिप्पणियां और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पत्रकारों के अनुसार, प्रदर्शन की कवरेज के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े तत्वों ने माहौल को उग्र बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान कवरेज कर रहे पुरुष एवं महिला मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की गई, लाइव प्रसारण में बाधा पहुंचाई गई तथा उनके कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया। पत्रकारों का कहना है कि यह घटना पत्रकारिता की स्वतंत्रता और महिला पत्रकारों की गरिमा पर सीधा हमला है। घटना के वीडियो फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही गई है।
घटना से आक्रोशित जिले के पत्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया को ज्ञापन सौंपकर सीसीटीवी एवं वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपित असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक अग्रवाल, मणिका शर्मा, शुभ्रा शर्मा, शालू गोस्वामी, फरमान अली, अजय शर्मा, देवू समाधिया, राजू शर्मा, नरेंद्र शर्मा, राजू यादव (ग्वाल), रशीद खान (गुड्डू), मणिकांत शर्मा, साकिर अली मामू, मनीष बंसल, लालू शर्मा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, दुर्गेश गुप्ता, यशपाल खन्ना, नीरज जाटव, धर्मेंद्र जाटव, रिंकू तोमर, बृजेन्द्र रावत, अंकित शाक्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी असामाजिक तत्वों की पहचान कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
जागरूक नागरिक संघ ने भी किया विरोध
इसी मामले को लेकर शिवपुरी जागरूक नागरिक संघ ने भी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। संघ ने मीडियाकर्मियों के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस प्रकार का हमला अस्वीकार्य है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष भरत शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के उपेंद्र यादव, बजरंग दल के विनोद पुरी गोस्वामी, वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव बिलगैया, अधिवक्ता जितेंद्र समाधिया सहित अनेक जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

