शिवपुरी जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कुल 8 विशेष बसों के माध्यम से दंत, नेत्र एवं कैंसर रोगों की जांच की जा रही है।
इन विशेष बसों में उपलब्ध उन्नत मशीनों के माध्यम से मैमोग्राफी, पैप स्मीयर एवं कोलपोस्कोपी जैसी महंगी कैंसर जांचें पूर्णतः निःशुल्क की जा रही हैं। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (।प्) तकनीक के माध्यम से बायोप्सी एवं सर्वे स्क्रीनिंग की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बसों की व्यवस्था में अरविंदो हॉस्पिटल, इंदौर 5 बसें (ब्रेस्ट, सर्वाइकल, ओरल कैंसर, नेत्र एवं दंत परीक्षण), कैंसर हॉस्पिटल, ग्वालियर 1 बस (कैंसर जांच) एवं महाराणा प्रताप डेंटल हॉस्पिटल 2 बसों (दंत रोग परीक्षण) द्वारा अपनी सेवाएं दी जा रही है।
इन बसों के माध्यम से ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ओरल कैंसर, मोतियाबिंद (कैटरेक्ट), ग्लूकोमा सहित विभिन्न दंत रोगों का तत्काल परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही मरीजों को चश्मे के नंबर निर्धारण से लेकर ग्लूकोमा जांच तक सभी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। सामान्यतः बाजार में इन जांचों की लागत ₹1,000 से ₹12,000 तक होती है, जबकि शिविर में ये सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस दौरान तहसील नरवर के ग्राम इंदरगढ़ निवासी जसमंत रावत एवं तहसील पिछोर के ग्राम छिरवाया निवासी धर्मेंद्र लोधी ने नेत्र बस में अपनी आंखों का उपचार कराया तथा शिविर में उपलब्ध सुविधाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। यह वृहद स्वास्थ्य शिविर आमजन को आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है।

