शिवपुरी में महादेव महोत्सव 15 फरवरी को चौदह महादेव मंदिर परिसर नरवर में होगी लोक-भक्ति गायन एवं नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियाँ

शिवपुरी| संस्कृति विभाग द्वारा शिवपुरी के नरवर रेस्ट हाउस के पीछे स्थित चौदह महादेव मंदिर परिसर में शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियों पर एकाग्र “महादेव महोत्सव” का आयोजन 15 फरवरी को सायं 6.30 बजे से किया जाएगा। समारोह में शिव केंद्रित नृत्य नाटिका, लोक गायन एवं भक्ति गायन की प्रस्तुतियाँ संयोजित की जाएंगी। यह आयोजन शिव भक्ति, लोक परम्परा और शास्त्रीय सुगम कलाओं के सुरम्य संगम के रूप में श्रद्धा और भक्ति की एक अनुपम संध्या रचेगा। संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से यह आयोजन किया जाएगा।

लोक सुरों की मधुर धारा में पन्ना के राहुल जोशी अपने लोक गायन से मंदिर की पावन धरा पर सांस्कृतिक चेतना का दीप प्रज्वलित करेंगे। इसके पश्चात भोपाल के बालाजी कला केंद्र के कलाकारों द्वारा भगवान शिव पर केंद्रित भावप्रवण प्रस्तुति होगी, जिसमें नृत्य नाटिका के माध्यम से कलाकार शिव कथा को जीवंत करेंगे। समारोह की अंतिम कड़ी में मुंबई की इशिता विश्वकर्मा एवं साथी कलाकार भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे, जिनके स्वरों में रची शिव-आराधना वातावरण को आध्यात्मिक भाव विभोरता से आलोकित करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post