शिवपुरी, 26 मई - महिला सशक्तिकरण की दिशा में शिवपुरी जिले ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कलेक्टर शिवपुरी एवं पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ शिवपुरी के मार्गदर्शन में, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन एवं आजीविका मिशन के संयुक्त प्रयास से "पुलिस सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम" का शुभारंभ आनंदी मैया सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र शिवपुरी में किया गया।
यह अभिनव पहल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों एवं कानून की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें समाज में सशक्त भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को पुलिस प्रशासन से जोड़कर उन्हें "सुरक्षा की सखी" बनाना है, ताकि वे अपने समुदाय में जागरूकता फैला सकें और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को सहयोग भी प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार, साइबर अपराध से सुरक्षा, घरेलू हिंसा के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
इस पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर शिवपुरी ने कहा, “महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। जब वे सशक्त होंगी, तभी समाज आगे बढ़ेगा। यह कार्यक्रम उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।”
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हमेशा महिलाओं के साथ है और इस तरह के कार्यक्रम महिला और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने में सहायक होंगे।
शिवपुरी जिले में प्रारंभ हुआ यह कार्यक्रम निश्चित ही अन्य जिलों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बनेगा।